कुशीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लग्जरी कार से तस्करी कर ले जाया जा रहा सवा चार किलो गांजा बरामद, बिहार और बलिया के दो तस्कर गिरफ्तार
कुशीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लग्जरी कार से तस्करी कर ले जाया जा रहा सवा चार किलो गांजा बरामद, बिहार और बलिया के दो तस्कर गिरफ्तार
कुशीनगर। थाना पटहेरवा पुलिस ने शुक्रवार को मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस टीम ने एक स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली तो उसमें से चार किलोग्राम 775 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को भी गिरफ्तार कर लिया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब पचास हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार से बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ ले जाया जा रहा है। इस सूचना पर थानाध्यक्ष धीरेन्द्र राय के नेतृत्व में टीम गठित कर चेकिंग शुरू की गई। घेराबंदी के दौरान दिल्ली नंबर की एक कार को रोककर जब तलाशी ली गई तो उसमें गांजे की बड़ी खेप छुपाकर रखी गई थी। पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान प्रमोद यादव पुत्र बड़ेलाल यादव निवासी एकहरा थाना फुलपरास जिला मधुबनी बिहार और दीपक कुमार पुत्र राजेन्द्र कुमार निवासी रसड़ा थाना रसड़ा जिला बलिया के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे गांजे की यह खेप बिहार से लेकर उत्तर प्रदेश के रास्ते दिल्ली ले जा रहे थे। लग्जरी कार का इस्तेमाल इसलिए किया गया ताकि पुलिस को शक न हो, लेकिन पटहेरवा पुलिस की सतर्कता के आगे उनकी चालाकी धरी की धरी रह गई।
थाना पटहेरवा में दोनों के खिलाफ मु0अ0सं0 175/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बरामद गांजे के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष धीरेन्द्र राय के अलावा उपनिरीक्षक सच्चिदानन्द यादव, उपनिरीक्षक मनोज कुमार वर्मा, कांस्टेबल धर्मेन्द्र चौहान, रिक्रूट कांस्टेबल अभिषेक यादव और रिक्रूट कांस्टेबल अजीत चौहान शामिल रहे।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर ने टीम के इस काम की सराहना करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा। फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस बात की भी जाँच कर रही है कि इस तस्करी के तार किन-किन लोगों से जुड़े हैं।
अपनी राय व्यक्त करें (कमेंट्स)
पाठकों की प्रतिक्रियाएं
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। अपनी राय साझा करें!