प्रदीप सिंह चौहान
जसवंतनगर/इटावा। क्षेत्र में स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं को लेकर महिलाओं का आक्रोश फूट पड़ा। दर्जनों महिलाओं ने गुरुवार को विद्युत विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की और अपनी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शनकारी महिलाएं जसवंतनगर स्थित विद्युत कार्यालय पहुंचीं और अधिकारियों को ज्ञापन देकर विरोध दर्ज कराया।
महिलाओं का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली बिलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे आम उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ गया है। उनका कहना है कि कई बार बिना पूर्व सूचना के ही बिजली आपूर्ति काट दी जाती है, जबकि विभाग पहले से ही उपभोक्ताओं से अग्रिम भुगतान ले रहा है। इससे उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन में शामिल श्याम किशोरी, कांति देवी, सरस्वती, उषा, सुषमा तोमर, बेबी शर्मा, साधना, शीला, रूबी, मंजू, आशा, राजकुमारी और सत्य प्रकाश सहित अन्य महिलाओं ने मांग की कि स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर फिर से लगाए जाएं, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर की व्यवस्था पूरी तरह से अव्यवस्थित है और इससे समस्याएं ही बढ़ रही हैं।
महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन और धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगी। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
इस संबंध में एसडीओ विद्युत आनंद पाल सिंह ने बताया कि स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याएं पूरे उत्तर प्रदेश में सामने आ रही हैं। शासन स्तर से निर्देश प्राप्त होते ही विभाग आवश्यक कार्रवाई करेगा।




टिप्पणियाँ (0)
कोई टिप्पणी नहीं। सबसे पहले टिप्पणी करें!
एक टिप्पणी लिखें
आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा। आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *