प्रदीप सिंह चौहान
जसवंतनगर/इटावा। स्मार्ट मीटर की कथित गड़बड़ी, बढ़े हुए बिजली बिल और बिना सूचना आपूर्ति बाधित किए जाने से नाराज़ नगर की महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा।
बड़ी संख्या में महिलाएं तहसील परिसर और विजली विभाग के एसडीओ कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने जोरदार प्रदर्शन करते हुए विभागीय कार्यप्रणाली के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई, जब कुछ महिलाओं ने आक्रोश में आकर बिजली विभाग कार्यालय पर पथराव कर दिया। इससे वहां मौजूद कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और उन्होंने कार्यालय के दरवाजे बंद कर किसी तरह खुद को सुरक्षित किया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इससे पहले महिलाएं उपजिलाधिकारी कुमार सत्यमजीत के नाम संबोधित ज्ञापन लेकर तहसील पहुंचीं और समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद से उनके बिजली बिल वास्तविक खपत से कहीं अधिक आ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
महिलाओं का कहना था कि वे समय पर बिल जमा करती हैं, इसके बावजूद बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली आपूर्ति काट दी जाती है। बाद में कनेक्शन बहाल कराने के नाम पर अतिरिक्त धनराशि जमा कराने का दबाव बनाया जाता है। विजली चेकिंग के नाम पर अवैध बसूली भी की जाती है शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारियों द्वारा न तो संतोषजनक जवाब दिया जाता है और न ही समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जा रहा है।
प्रदर्शन की सूचना पर चौकी इंचार्ज मनीष कुमार और जूनियर इंजीनियर कौशल पांडेय मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने महिलाओं को समझाकर बुझाकर शांत कराया और उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद महिलाएं वहां से वापस लौटीं।
प्रदर्शनकारियों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन पर वीना देवी, शबाना, मोहम्मद नाजिम, महजबीं, सायमा, नईम, मोहम्मद तालीम, नायब परवेज सहित कई उपभोक्ताओं के हस्ताक्षर दर्ज हैं।




टिप्पणियाँ (0)
कोई टिप्पणी नहीं। सबसे पहले टिप्पणी करें!
एक टिप्पणी लिखें
आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा। आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *