प्रदीप सिंह चौहान
जसवंतनगर/इटावा। धौलपुर खेड़ा स्थित धनिराम शाक्य इंटर कॉलेज ने यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा का नया मानक स्थापित किया है।
विद्यालय का हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट दोनों स्तरों पर शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। हाईस्कूल परीक्षा में छात्रा पल्लवी ने 94 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में शीर्ष स्थान हासिल किया। वहीं इंटरमीडिएट में रिया ने 87 प्रतिशत और योगेंद्र ने 86 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और कॉलेज का नाम रोशन किया।
इसके अतिरिक्त छात्राएं गुंजन, गायत्री और मानसी ने भी बेहतर अंक प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया। विद्यालय प्रबंधन ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
विद्यालय के संरक्षक एवं पूर्व सांसद/विधायक रघुराज सिंह शाक्य ने विद्यार्थियों को माल्यार्पण कर मिठाई खिलाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों ने जो सफलता हासिल की है, वह सराहनीय और प्रेरणादायक है।
विद्यालय परिवार ने इस सफलता का श्रेय छात्रों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग को दिया। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में जश्न का माहौल बन गया और छात्र-छात्राओं में उत्साह देखने को मिला।




टिप्पणियाँ (0)
कोई टिप्पणी नहीं। सबसे पहले टिप्पणी करें!
एक टिप्पणी लिखें
आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा। आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *