इटावा : फोन पर सायरन बजाकर डराते थे और क्राइम ब्रांच बन ऐंठ लेते थे लाखों! पुलिस ने 6 अंतर्राज्यीय साइबर ठगों को दबोचा
इटावा : फोन पर सायरन बजाकर डराते थे और क्राइम ब्रांच बन ऐंठ लेते थे लाखों! पुलिस ने 6 अंतर्राज्यीय साइबर ठगों को दबोचा
इटावा।
साइबर अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर चलते हुए इटावा पुलिस ने
शुक्रवार को एक बड़ी सफलता हासिल की। साइबर थाना और थाना भरथना की संयुक्त
टीम ने उस गिरोह का भंडाफोड़ किया जो खुद को क्राइम ब्रांच का अधिकारी
बताकर लोगों को फोन करता था, पुलिस सायरन बजाकर डराता था और अश्लील वीडियो
देखने के नाम पर झूठे मुकदमे का भय दिखाकर मोटी रकम ऐंठ लेता था। पुलिस ने
छह अंतर्राज्यीय साइबर ठगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नौ मोबाइल फोन,
पंद्रह सिम कार्ड, पाँच एटीएम कार्ड और चौबीस हजार आठ सौ रुपये की नकदी
बरामद की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने टीम को दस हजार रुपये का इनाम देकर
सम्मानित किया है।
जिले
की साइबर सेल लगातार प्रतिबिम्ब पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का विश्लेषण
कर रही थी। इसी दौरान एक ऐसे मोबाइल नंबर की लोकेशन थाना भरथना क्षेत्र में
मिली जिसका इस्तेमाल लोगों को क्राइम ब्रांच अधिकारी बनकर ठगने में किया
जा रहा था। शिकायतों का पैटर्न एक जैसा था—फोन करने वाला खुद को पुलिस
अधिकारी बताता, पीछे सायरन की आवाज़ सुनाई देती और कहा जाता कि तुमने
इंटरनेट पर अश्लील वीडियो देखी है, तुम्हारे खिलाफ केस दर्ज होने वाला है,
गिरफ्तारी से बचना है तो बताए गए खाते में पैसे डाल दो। डर के मारे लोग
पैसे ट्रांसफर कर देते।साइबर
सेल और थाना भरथना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए झिन्दुआ पुल
के पास निर्माणाधीन बाईपास से छह आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में
आरोपियों ने बताया कि वे लोग देश के अलग-अलग राज्यों में रहने वाले लोगों
को निशाना बनाते थे। पकड़े न जाएँ, इसलिए लगातार मोबाइल नंबर और सिम कार्ड
बदलते रहते थे। जो रकम आती, उसे अलग-अलग खातों से निकालकर आपस में बाँट
लेते।
गिरफ्तार
अभियुक्तों में नीरज सिंह, मिण्टू, मोहित, राम खिलावन, रवि और सुमित कुमार
शामिल हैं। ये सभी गजनियापुर और आसपास के गाँवों के रहने वाले हैं। पुलिस
पूछताछ में इन्होंने रंजीत, शिवा, योगेन्द्र, सुखबीर, मुन्ना और शेरा समेत
छह अन्य साथियों के नाम भी उजागर किए हैं जो अभी फरार हैं। पुलिस टीमें
उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही हैं।
कार्रवाई
में साइबर थाना प्रभारी उपनिरीक्षक लोकेश कुमार सिंह की टीम और थाना भरथना
के प्रभारी निरीक्षक विक्रम सिंह की टीम ने अहम भूमिका निभाई। वरिष्ठ
पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने पूरी टीम को दस हजार रुपये का नकद
इनाम दिया और अपर पुलिस अधीक्षक अपराध संतोष सिंह ने साइबर सेल को
प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इटावा
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अगर कोई अनजान व्यक्ति फोन कर खुद को
पुलिस, सीबीआई या क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताकर पैसे की माँग करे तो
तुरंत अपने नजदीकी थाने या साइबर हेल्पलाइन 1930 पर सूचना दें। घबराएँ
नहीं, क्योंकि असली पुलिस कभी भी फोन पर पैसे नहीं माँगती।
जिला समाचार
-
-
-
-
-
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल ने मनाया शहीद दिवसMay 27, 2026 99 -
-
-
-
-
अपनी राय व्यक्त करें (कमेंट्स)
पाठकों की प्रतिक्रियाएं
अभी तक कोई टिप्पणी नहीं है। अपनी राय साझा करें!